आगरा। नौबस्ता (लोहामंडी) की रूपमति ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सोमवार को डीसीपी सिटी कार्यालय में शिकायत की। कहा कि 21 मई की शाम को ट्यूशन जा रहे बेटे महावीर को पुलिस ने पकड़कर टार्चर किया। 70 हजार रुपये वसूलने के बाद छोड़ा। मामले में एसीपी लोहामंडी को जांच सौंपी गई है। रूपमति ने बताया कि महावीर(18) इंटर पास है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। ट्यूशन पढ़ने जा रहा था। रास्ते में पुलिस ने रोक लिया। बेटे को चाैकी ले गए, जहां थर्ड डिग्री दी। एक लाख रुपये की मांग की। वह रातभर चाैकी के बाहर बेटे को छोड़ने की गुहार लगाती रहीं। मगर, कोई सुनवाई नहीं हुई। 22 मई की सुबह 9 बजे 70 हजार रुपये लेने के बाद बेटे को छोड़ दिया गया। इतना सब करने के बाद भी थाने का एक सिपाही घर की निगरानी कर रहा है। मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर रुपयों की मांग कर रहा है।
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने मामले की जांच एसीपी लोहामंडी को सौंपी। एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि महावीर का पिता रामसेवक सट्टा लगवाता है। उसका वीडियो भी सामने आया था। इस पर पुलिस गिरफ्तार करने गई थी। वह भाग गया था। बेटे को पकड़कर लाए थे। अपराध में वह भी शामिल है। उसके खिलाफ शांति भंग में कार्रवाई की थी। अब पुलिस आरोपी के पिता को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दे रही है। इस पर पत्नी ने पुलिस पर आरोप लगाए हैं। महिला ने बताया कि पुलिस पति पर सट्टा कराने का आरोप लगा रही है, जबकि वह ठीक से देख भी नहीं पाते हैं। घर में रहते हैं। जैसे-तैसे घर चल पा रहा है। पुलिस ने बेटे के खिलाफ जुआ अधिनियम में केस दर्ज किया है। इसके बावजूद थाने से छोड़ दिया। पुलिस ने कोर्ट में क्यों नहीं पेश किया।