सौतेले पिता ने बेटी को चाकुओं से गोदकर मार डाला, लखनऊ का मामला

लखनऊ। महानगर के विज्ञानपुरी कॉलोनी में सोमवार रात एक पिता ने सौतेली बेटी को चाकू गोदकर मार डाला। आरोपी ने किचन में रखे दो अलग अलग चाकू से वार किया था। बेटी को बचाने आई उसकी मां भी हमले में घायल हो गईं। पुलिस ने आरोपी सौतेले पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। डीसीपी मध्य आशीष कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक रेखा राजपूत विज्ञानपुरी कॉलोनी में बेटी सिमरन (19) के साथ रहती थीं। पति जागेश सिंह राजपूत के देहांत के बाद रेखा ने एक साल पहले विकास चंद्र पाडेय से दूसरी शादी की थी। सोमवार रात करीब पौने आठ बजे विकास भी रेखा के घर पर मौजूद था। रेखा ने बताया कि सिमरन मोबाइल फोन चला रही थी। विकास को लगा कि वह फोन पर किसी से बात कर रही है। इसको लेकर विकास ने सिमरन को टोका।

इस पर दोनों में बहस हो गई। विकास ने सिमरन को घर से निकल जाने के लिए कहा। इसके बाद दोनों में विवाद बढ़ गया। गुस्से में विकास किचन से चाकू लेकर आया और सिमरन पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। बेटी की चीख सुनकर रेखा वहां पहुंचीं तो देखा कि विकास सिमरन के गर्दन पर चाकू से हमला कर रहा था। रेखा ने बेटी को बचाने की कोशिश की तो उसने रेखा पर भी हमला बोल दिया। हमले में रेखा के हाथ पर गंभीर चोट आई है। सिमरन एमिटी यूनिवर्सिटी से बीसीए की छात्रा थी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो सिमरन खून से लथपथ पड़ी थी। सिमरन को पुलिस जीप से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से ही आरोपी विकास को दबोच लिया। मामले पर डीसीपी सेंट्रल आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि युवती की मां रेखा राजपूत ने आरोपी विकास चंद्र पांडेय से दूसरी शादी की थी। इस रिश्ते और विरासत को लेकर विवाद हुआ जिस पर आरोपी ने युवती की चाकू से वारकर हत्या कर दी।

इस दौरान बेटी को बचाने की कोशिश में मां भी घायल हो गई। युवती को अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से खून से सने चाकू मिले हैं जिन्हें फोरेंसिक टीम ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। रेखा ने जब से विकास से शादी की थी तब से सिमरन खुश नहीं थी। घटनास्थल पर पहुंचे एसीपी गंज विकास जायसवाल ने आरोपी से पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि सिमरन का अक्सर उसके सौतेले पिता से विवाद होता था। इसके पहले भी दोनों में कई बार कहासुनी हो चुकी थी। विकास का टोकना सिमरन को अच्छा नहीं लगता था। यही नहीं, विकास कोई काम नहीं करता था। वह रेखा की प्रॉपर्टी पर हक जमाता था। उसकी नजर रेखा की संपत्ति पर थी। वह आए दिन प्रापर्टी की विरासत को लेकर भी सिमरन से उसका झगड़ा करता था। विज्ञानपुरी जैसे पॉश कॉलोनी में हत्या की घटना के बाद वहां सन्नाटा पसर गया। रेखा के परिजनों से पुलिस ने बात करने की काशिश की। सिरमन के ताऊ ने बताया कि 2016 से वह परिवार के संपर्क में नहीं है। स्थानीय लोगों ने बताया कि रेखा के पहले पति डॉक्टर थे। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में जब पता किया तो इसकी पुष्टि नहीं हो सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *