गोरखपुर। नगर पंचायत के वार्ड नं- 9 पिपरा में सोते समय पति ने अपनी पत्नी की गर्दन काट कर निर्मम हत्या कर दी। शोर सुन आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपित फरार हो गया। मृतिका की पहचान बाहीलपार निवासी 25 वर्षीय नेहा पत्नी अंगद शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस मौके पर जांच पड़ताल कर रही है। सहजनवां थाना क्षेत्र के बाहीलपार निवासी अंगद शर्मा का गांव की युवती नेहा से प्रेम प्रसंग चलता था। दोनों में प्यार परवान चढ़ने के बाद करीब दो वर्ष पूर्व रजिस्टर्ड शादी कर ली। करीब दो महीना पहले अंगद ने सहजनवां नगर पंचायत के वार्ड नं-9 पिपरा में बुद्धिराम के मकान में प्रथम तल पर किराए का कमरा लिया और रहने लगे।
कुछ दिन बाद पति अंगद शर्मा पेंट पालिश करने के लिए बाहर चला गया और नेहा किराए के कमरे में अकेली रहती थी। करीब बीस दिन पहले अंगद शर्मा सहजनवां आ गया और पति पत्नी साथ रहने लगे। बुधवार की सुबह करीब छह बजे के करीब आसपास के लोगों ने नेहा के चीखने की आवाज सुनी तो कमरे पर पहुंचे। नेहा का गर्दन कटा हुआ था काफी खून पसरा था। जबतक लोग कुछ समझ पाते नेहा ने दम तोड़ दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। एसओ महेश चौबे ने बताया कि अभी जांच की जा रही है। मृतिका के स्वजनों को बुलाया गया है।